HomeHealth & Fitnessबिजनौर से फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिजनौर से फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ । उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बिजनौर से फर्जी तरीके से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इब्राहिम अंसारी निवासी ग्राम फुलसंदा हीरा, थाना नहटौर, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल समेत अन्य राज्यों के लोगों के लिए ऑनलाइन लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाता था। इसके लिए वह अपने घर पर लैपटॉप और इंटरनेट का उपयोग करता था तथा आवेदन और ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया पूरी कर लाइसेंस की पीडीएफ आवेदकों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजता था। इसके बदले वह ऑनलाइन माध्यम से रुपये लेता था।

गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से दो लैपटॉप, एक स्मार्टफोन, चार कूटरचित आधार कार्ड, चार एटीएम कार्ड, एक वाई-फाई राउटर और तीन चेकबुक बरामद किए हैं।

एसटीएफ को काफी समय से विभिन्न राज्यों के लोगों के फर्जी तरीके से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने की सूचना मिल रही थी। जांच के बाद टीम ने 14 जुलाई को आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन आवेदन करने के साथ ही तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल कर लर्निंग लाइसेंस की ऑनलाइन परीक्षा भी स्वयं पास कर देता था और तैयार लाइसेंस आवेदकों को उपलब्ध कराता था।

इस मामले में थाना नहटौर, जनपद बिजनौर में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 337, 340(2), आधार अधिनियम 2016 की धारा 36 तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments