Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भारत-नेपाल सीमा पर 237 ग्राम स्मैक जब्त, तस्कर गिरफ्तार:बहराइच में एसएसबी और...

भारत-नेपाल सीमा पर 237 ग्राम स्मैक जब्त, तस्कर गिरफ्तार:बहराइच में एसएसबी और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सफलता


भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 59वीं वाहिनी और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 237 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई 59वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट श्री कैलाश चन्द रमोला के निर्देशन में गोपनीय सूचना के आधार पर, सीमा चौकी बलाईगांव और थाना मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या-664 के निकट भारतीय सीमा क्षेत्र में लगभग 8.46 किलोमीटर अंदर सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया। सुबह करीब 4:05 बजे, भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी विधिसम्मत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 237 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान इशरार (36 वर्ष), पुत्र करामत अली, निवासी ग्राम मेड़किया (पौड़ा), पोस्ट बलाईगांव, थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह स्मैक किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी और सीमावर्ती गांवों में छोटी-छोटी मात्रा में बेचने की योजना बनाई थी। बरामद मादक पदार्थ की पुष्टि एसएसबी के प्रशिक्षित नारकोटिक्स डिटेक्शन डॉग ‘रॉक’ द्वारा भी की गई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसबी ने बरामद स्मैक और गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना मोतीपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसबी और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और सीमा पार अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे। दोनों एजेंसियां सीमा सुरक्षा के साथ-साथ नशामुक्त, सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments