HomeHealth & Fitnessयूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप से निर्माण श्रमिकों को मिलेगा रोजगार, नियोजकों...

यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप से निर्माण श्रमिकों को मिलेगा रोजगार, नियोजकों को होगी आसानी

  • UP DIGITAL LABOUR CHOWK” ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध।
  • निर्माण श्रमिक और नियोजक दोनों कर सकेंगे पंजीकरण।
  • श्रमिकों को रोजगार और नियोजकों को आसानी से मिलेंगे पंजीकृत श्रमिक।

झांसी। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने निर्माण श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से “यूपी डिजिटल लेबर चौक” मोबाइल ऐप लॉन्च किया है।

उप श्रमायुक्त किरन मिश्रा ने गुरुवार काे बताया कि यह ऐप निर्माण श्रमिकों और नियोजकों के बीच एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा, जिससे रोजगार की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और त्वरित होगी।

उन्होंने बताया कि “UP DIGITAL LABOUR CHOWK” नाम से यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। निर्माण श्रमिक, सेवायोजक, बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां और अन्य प्रतिष्ठान इस ऐप पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

जिन नियोजकों को निर्माण कार्यों के लिए श्रमिकों की आवश्यकता होगी, वे अपनी जरूरत के अनुसार पंजीकृत श्रमिकों की जानकारी प्राप्त कर सीधे उनसे संपर्क कर सकेंगे।

उप श्रमायुक्त के अनुसार यह ऐप डिजिटल लेबर मार्केट के रूप में कार्य करेगा, जहां श्रमिक अपनी उपलब्धता दर्ज करेंगे और नियोजक अपनी आवश्यकता के अनुरूप श्रमिकों का चयन कर सकेंगे।

इससे श्रमिकों को रोजगार मिलने में आसानी होगी, जबकि बिल्डरों और ठेकेदारों को प्रशिक्षित एवं पंजीकृत श्रमिक आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

इसके अलावा ऐप के माध्यम से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।

किरन मिश्रा ने सभी निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, श्रमिक संगठनों और आमजन से अपील की है कि वे यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा अपने आसपास कार्यरत श्रमिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं से अपने यहां कार्यरत निर्माण श्रमिकों का ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने का भी अनुरोध किया।’

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments