श्रावस्ती जिले के जमुनहा और इकौना समेत कई क्षेत्रों में बीते दिनों से पेट्रोल पंपों पर ईंधन के लिए किसानों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कुछ पेट्रोल पंपों पर बीते दिन डीजल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया, जिससे वहां सन्नाटा पसरा रहा। जिन पंपों पर सीमित मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, वहां लाइन लगाकर वितरण किया जा रहा है। हाल ही में हुई बारिश के बाद गेहूं की बची हुई फसल की कटाई और मड़ाई के साथ-साथ मक्का की फसल की सिंचाई के लिए डीजल की मांग में अचानक वृद्धि हुई है। इस कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनपद में डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में एक ज़ूम बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला पूर्ति अधिकारी दीपक कुमार वार्ष्णेय और एचपीसीएल, बीपीसीएल, आईओसीएल जैसी ऑयल कंपनियों के विक्रय प्रबंधक तथा आपूर्ति निरीक्षक शामिल हुए। बैठक में जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि जिले का कोई भी पेट्रोल पंप किसी भी स्थिति में ‘ड्राई’ (ईंधन रहित) न होने पाए। उन्होंने विशेष रूप से शहर और उसके आसपास स्थित पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी विक्रय प्रबंधकों को निर्देश दिया कि पंप के ड्राई होने से कम से कम एक दिन पहले ही ईंधन की आपूर्ति अनिवार्य रूप से करा दी जाए। इसके अतिरिक्त, सभी पूर्ति निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर ईंधन आपूर्ति पर सतत निगरानी रखने के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस बल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में डीजल और पेट्रोल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है, इसलिए आम नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।वहीं चेतावनी दी गयी कि अवैध रूप से ईंधन का संग्रह या कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्रावस्ती में अवैध रूप से ईंधन संग्रह पर होगी कार्रवाई:डीजल-पेट्रोल आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कोई भी पेट्रोल पंप ड्राई न रहने के सख्त निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












