संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए श्रावस्ती जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर मंगलवार को तहसील जमुनहा क्षेत्र के बहोरवा, ब्लॉक कार्यालय जमुनहा, लालबोझा दरवेशगांव, लक्ष्मणनगर और फतेहपुर बनगाई में राहत चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों में ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव, राहत व्यवस्था और आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि जनपद में आपदा पूर्व सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में तीन-तीन स्वचालित वर्षा मापी यंत्र तथा प्रत्येक तहसील में तीन-तीन स्वचालित मौसम सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, दो वायु गुणवत्ता मापक यंत्र भी लगाए गए हैं, जिनसे लगातार मौसम संबंधी आंकड़े प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से वर्षा, तापमान और हवा की गति जैसी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं, जिससे समय रहते सतर्क होकर नुकसान को कम किया जा सके। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ की सूचना मिलते ही अपने निकटतम बाढ़ शरणालय में पहुंच जाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शरणालयों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन जनता की सहायता के लिए हर समय तैयार है। बहोरवा राहत चौपाल में उपजिलाधिकारी संजर राय ने कहा कि क्षेत्र में लगभग हर एक-दो वर्ष में बाढ़ आती है, इसलिए सभी लोग अभी से तैयारी कर लें। उन्होंने ग्रामीणों को जरूरी दस्तावेज वाटरप्रूफ फाइल में सुरक्षित रखने, घर में कम से कम सात दिन का सूखा राशन रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने सभी नागरिकों से मोबाइल में सचेत ऐप और दामिनी ऐप डाउनलोड करने की अपील की, ताकि मौसम और वज्रपात की समय पर सूचना मिल सके। इसी दौरान लक्ष्मणनगर में एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान सुरक्षित रहने, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की।
श्रावस्ती में बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट:राहत चौपालों के जरिए ग्रामीणों को किया गया जागरूक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












