श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने राजस्व हितों की सुरक्षा और स्टाम्प शुल्क की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील इकौना का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम चिचड़ी, इकौना देहात और खरहनिया वीरपुर में हुए तीन बड़े बैनामों की मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। इस दौरान, उन्होंने संबंधित बैनामों में प्रयुक्त स्टाम्प का भौतिक सत्यापन कर अभिलेखों से मिलान कराया। निरीक्षण के समय, जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी से बैनामों की चौहद्दी, रकबा, भूमि की प्रकृति और अन्य आवश्यक विवरणों की जानकारी ली। उन्होंने बैनामा प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टाम्प शुल्क की चोरी किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगी। संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर आकस्मिक जांच कर स्टाम्प का मिलान सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि जांच के दौरान स्टाम्प की कमी, अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बैनामा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान की किसी भी संभावना को समय रहते रोका जाए। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि आमजन के हितों की रक्षा और सरकारी राजस्व की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौके पर उपजिलाधिकारी इकौना पीयूष जायसवाल, उप निबंधक इकौना, राजस्व निरीक्षक, संबंधित लेखपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
श्रावस्ती में स्टाम्प चोरी पर प्रशासन सख्त:DM ने इकौना में तीन बड़े बैनामों की मौके पर जांच, राजस्व हानि रोकने के निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












