Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नदी में डूबकर दो किशोरों की मौत के बाद अलर्ट:श्रावस्ती में डूबने...

नदी में डूबकर दो किशोरों की मौत के बाद अलर्ट:श्रावस्ती में डूबने की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता, डीएम ने की जनहित में अपील


श्रावस्ती में नदी, तालाब और पोखरों में डूबने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। हाल ही में भकला घाट पर नदी में दो किशोरों की मौत के बाद जिला प्रशासन चिंतित है और पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। वहीं हाद से वाली ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है, जहां सतर्क रहने के पंपलेट लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने जनपदवासियों से अपील की है कि जलस्रोतों में डूबने से हो रही जनहानि के मामलों को देखते हुए अभिभावक अपने बच्चों को तालाब, पोखर और नदी में नहाने से रोकें। यदि बच्चे पानी के आसपास हों, तो उनकी निगरानी अवश्य करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। डीएम ने जर्जर और टूटी-फूटी नावों में यात्रा न करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नाव में यात्रा से पहले उसकी स्थिति, साफ-सफाई और सूखापन की जांच कर लें। नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और छोटे बच्चों को अकेले नाव पर यात्रा न करने दें। यह भी सुनिश्चित करें कि नाव में लाइफ जैकेट उपलब्ध हो। मादक पदार्थों का सेवन कर किसी भी व्यक्ति को नदी, तालाब या पोखर में प्रवेश नहीं करना चाहिए। जल में लगे सुरक्षात्मक चिन्हों के आगे जाने से बचें और घाट पर मौजूद नाविकों व स्थानीय जानकारों के निर्देशों का पालन करें।
पानी में किसी भी प्रकार का खेल न खेलें। जिन्हें तैरना नहीं आता, वे नदी या अन्य जलस्रोतों से दूरी बनाए रखें। अधिक गहरे पानी में जाने, एक नाव से दूसरी नाव में कूदने और पानी में सेल्फी लेने जैसी लापरवाहियों से बचना बेहद जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति पानी में डूब रहा हो, तो आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद करें और एम्बुलेंस बुलाएं। यदि पीड़ित सांस नहीं ले रहा हो, तो उसकी नब्ज जांचकर सीपीआर दें और उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। डूबते समय क्या करें, इस पर डीएम ने सलाह दी कि व्यक्ति घबराए नहीं, शांत रहे और सिर को पानी के ऊपर रखे। बैग या जूते जैसी भारी वस्तुएं हटा दें और हाथों से पानी को ऊपर की ओर उछालते रहें, ताकि लोग देखकर तुरंत मदद के लिए आगे आ सकें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments