सिद्धार्थनगर जनपद के नौगढ़ और शोहरतगढ़ विकासखंड की छह ग्राम पंचायतों—रामगढ़, हरदासपुर, टेड़िया, सेमरियाव, रसूलपुर और रामपुर—में करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता अंकित सिंह ने फर्जी बिल-वाउचर, कागजी कार्य और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को विस्तृत शिकायत सौंपी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच टीम गठित कर दी है। मुख्यालय निवासी अंकित सिंह ने 29 अप्रैल को नोटरी एफिडेविट के साथ साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए यह शिकायत दी। इसमें वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक के कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार रामगढ़ पंचायत में स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य कार्यों के नाम पर कई बार अधिक दरों पर भुगतान किया गया है। केवल स्ट्रीट लाइट के नाम पर ही लाखों रुपये के भुगतान को संदिग्ध बताया गया है। बाजार दर से अधिक कीमत दिखाकर भुगतान किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हरदासपुर, टेड़िया, सेमरियाव, रसूलपुर और रामपुर पंचायतों में भी स्ट्रीट लाइट, डस्टबिन, आरसीसी बेंच, ईंट आपूर्ति और सफाई कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप है। कई मामलों में मौके पर कार्य न होने के बावजूद भुगतान किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ फर्मों के माध्यम से फर्जी बिल लगाकर सरकारी धन की निकासी की गई। ग्राम प्रधान, सचिव, जेई, बीडीओ और अन्य अधिकारियों की मिलीभगत से पूरा खेल चलने का आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह टीम मौके पर जाकर रिपोर्ट सौंपेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि शिकायत साक्ष्यों के साथ प्राप्त हुई है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थनगर में करोड़ों के फर्जीवाड़े का आरोप:DM का आदेश, छह ग्राम पंचायतों की जांच शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












