बढ़नीचाफा-भडरिया मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। लगभग 12 साल पहले बनी यह सड़क अब पूरी तरह से गड्ढों में बदल चुकी है। कई बार निर्माण की मांग उठने और विभिन्न स्तरों पर प्रयासों के बावजूद सड़क का पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे यह मामला अधर में लटका हुआ है। मुख्य मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों को नहर किनारे बने वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है। लगभग साढ़े तीन साल पहले बने इस वैकल्पिक मार्ग की हालत भी अब खराब हो चुकी है। कई स्थानों पर सड़क टूट गई है और बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण तोताराम वर्मा, राघवेंद्र प्रताप, अमित गुप्ता और अजय वर्मा सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा जिला प्रशासन से मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक नहर किनारे बने वैकल्पिक मार्ग पर पैचवर्क और आवश्यक मरम्मत कराई जाए। इससे कार, बाइक और अन्य छोटे वाहन सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। इसके साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि बढ़नीचाफा-भडरिया मार्ग की स्थिति विभाग के संज्ञान में है। सड़क के पुनर्निर्माण से संबंधित प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है। आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिशाषी अभियंता ने यह भी कहा कि बरसात को देखते हुए नहर किनारे बने वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां आवश्यकता होगी, वहां पैचवर्क और मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
बारह वर्षों से जर्जर है बढ़नीचाफा-भडरिया मार्ग:ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की मांग की, निर्माण कार्य अटका
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












