दैनिक भास्कर की पड़ताल के बाद बलहा विकास खंड की ग्राम पंचायत लालबोझी में बदहाल अंत्येष्टि स्थल और प्राथमिक विद्यालय सिधौरा परिसर में झाड़ियों के अंबार का मामला सामने आया है। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अरुण कुमार वर्मा ने संज्ञान लेते हुए विद्यालय प्रशासन को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। ग्राम पंचायत लालबोझी में बना अंत्येष्टि स्थल रखरखाव के अभाव में खंडहर में तब्दील हो गया है। इसका मुख्य द्वार बंद रहता है और परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। स्थानीय निवासी नंद लाल ने बताया कि यह स्थल करीब तीन वर्ष पूर्व बनाया गया था, लेकिन इसके बाद से कोई देखरेख नहीं की गई। एक अन्य ग्रामीण छंगा ने आरोप लगाया कि देखरेख न होने के कारण लोग अब इस स्थल का शौचालय के रूप में उपयोग करने लगे हैं। इस संबंध में जब ग्राम पंचायत अधिकारी मोहम्मद सऊद से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “आप कौन होते हैं पूछने वाले? यह काम हमारे अधिकारियों का है। आपको जिससे शिकायत करनी हो, जाकर कर दें।” उन्होंने यह भी कहा कि “आप मेरी ग्राम पंचायत को छोड़िए, अन्य ग्राम पंचायतों की स्थिति देखिए।” ग्रामीणों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही अपनी ग्राम पंचायत की बदहाली पर जवाबदेही से बचेंगे, तो व्यवस्था कैसे सुधरेगी। उनके अनुसार, रखरखाव के लिए ग्राम पंचायत को अच्छा-खासा बजट मिलता है, फिर भी स्थल की यह हालत लापरवाही दर्शाती है। इसी ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सिधौरा में भी लापरवाही का मामला सामने आया है। विद्यालय में शौचालय तो बना है, लेकिन उसके आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे जहरीले जानवरों का खतरा बना हुआ है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पिछले महीने विद्यालय खुलने से पूर्व परिसर की साफ-सफाई के निर्देश दिए थे, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने इन आदेशों को अनसुना कर दिया। दैनिक भास्कर की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब इन बदहाल स्थितियों को देखा, तो खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार वर्मा से शिकायत दर्ज कराई। BEO ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय प्रशासन को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। यह सवाल उठता है कि जब बेसिक शिक्षा के अधिकारी पहले ही निर्देश दे चुके थे, तो विद्यालय प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है।
BEO ने विद्यालय प्रशासन को भेजा नोटिस:लालबोझी में अंत्येष्टि स्थल, स्कूल की बदहाली पर मांगा स्पष्टीकरण
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












