सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। चिल्हिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर महादेव गांव के पास सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार तेल टैंकर ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, काठेला समय माता क्षेत्र के काठेला गांव निवासी शैलेश (28) पुत्र मंगल प्रसाद अपने छोटे भाई नितेश (22) के साथ मोटरसाइकिल से नौगढ़ से घर लौट रहा था। बाइक शैलेश चला रहा था और नितेश पीछे बैठा था। महादेव गांव के पास पीछे से आ रहे इंडियन ऑयल के तेल लदे टैंकर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान टैंकर का पहिया शैलेश के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नितेश घायल हो गया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बड़े भाई का शव देखकर घायल नितेश का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे से नाराज लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद चिल्हिया पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शव को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने शैलेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल नितेश का उपचार कराया गया। चालक की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने दुर्घटना में शामिल इंडियन ऑयल के टैंकर को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थनगर में टैंकर ने बाइक सवार को रौंदा, मौत:भाई गंभीर घायल, हाईवे पर आधे घंटे लगा रहा जाम; ड्राइवर फरार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












