#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के नगर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर का अवैध कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, नकदी, लोहे की रॉड तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बिरऊपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक द्वारा पिस्टल के बल पर धमकी देने की सूचना मिली थी। मामले की जांच में पता चला कि जिलेबीगंज निवासी राहुल उर्फ शुभम विश्वकर्मा अपनी बहन की शिकायत पर उसके ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने बहन के पति श्रवण विश्वकर्मा के साथ मारपीट की और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर परिजनों ने राहुल को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने राहुल को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में राहुल ने बताया कि बरामद पिस्टल उसे उसके परिचित ऋषभ सिंह ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद नगर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए खुटहन गांव में दबिश दी और ऋषभ सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ऋषभ के कब्जे से एक अवैध .315 बोर कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन महंगे मोबाइल फोन, 1,620 रुपये नकद, एक लोहे की रॉड तथा स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया। बरामदगी के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल उर्फ शुभम विश्वकर्मा निवासी जिलेबीगंज, थाना पैकोलिया और ऋषभ सिंह निवासी लवड़ापुर, थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी विकास यादव, सर्विलांस टीम और पुलिस बल के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बहन से मारपीट, भाई ने पिस्टल तानकर दी धमकी:बस्ती पुलिस ने अवैध असलहों के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












