भुवनेश्वर । ओडिशा कैडर के दो वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों-सुधांशु सारंगी (1990 बैच) और पद्माकर एस. रणपिसे (1995 बैच)-को केंद्र सरकार ने डायरेक्टर जनरल (डीजी) या डीजी समकक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए चयनित किया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने इन दोनों अधिकारियों सहित देशभर के 31 अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नामों को मंजूरी दे दी है। इस चयन के साथ दोनों अधिकारियों के लिए केंद्र सरकार के सुरक्षा एवं खुफिया तंत्र में शीर्ष नेतृत्वकारी पदों पर नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
नामित किए गए ओडिशा कैडर के दोनों अधिकारी अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड के लिए जाने जाते हैं।
डॉ. सुधांशु सारंगी, 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में ओडिशा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्त तथा ओडिशा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के क्षेत्र में उनके अनुभव को व्यापक रूप से सराहा जाता है।
वहीं पद्माकर एस. रणपिसे, 1995 बैच के ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। सुरक्षा प्रबंधन और केंद्रीय सुरक्षा बलों में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें डीजी रैंक के लिए उपयुक्त माना गया है।












