Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता भड़के, धरना:रुधौली सब-स्टेशन पर नारेबाजी, अधिकारियों पर...

अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता भड़के, धरना:रुधौली सब-स्टेशन पर नारेबाजी, अधिकारियों पर मनमानी का आरोप

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जनपद के रुधौली बिजली उपकेंद्र पर गुरुवार को अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। लगातार दो-तीन दिनों से हो रही कटौती और घंटों बिजली गुल रहने से नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पहुंचकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने “जेई-एसडीओ की मनमानी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। उपभोक्ताओं का आरोप है कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली की रोस्टिंग की जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों की नाराजगी तब और बढ़ गई जब एसडीओ विद्युत मौके से अनुपस्थित पाए गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बढ़ती भीड़ और विरोध को देखते हुए अधिकारी उपकेंद्र छोड़कर चले गए। प्रदर्शनकारी लगातार उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे। प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने तीन मुख्य मांगें रखीं- जेई और जिम्मेदार अधिकारियों का रात्रि निवास सुनिश्चित किया जाए; अधिकारियों द्वारा फोन उठाना अनिवार्य किया जाए; और अघोषित बिजली कटौती तथा लगातार रोस्टिंग का कारण स्पष्ट किया जाए। धरने में शामिल लोगों ने कहा कि रातभर बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी आवाज उठाई तो उन्हें जेल भिजवाने और “फिंकवा देने” जैसी धमकियां दी गईं, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया। धरना प्रदर्शन में राजकुमार सोनी, दिनेश, विनोद, आदित्य विजय तिवारी, सुजीत सोनी, पंकज सिंह समेत सैकड़ों उपभोक्ता मौजूद रहे। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। दूसरी ओर, विद्युत विभाग के एसडीओ बीपी सिंह ने इस मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि कुशल लाइनमैनों की कमी के कारण विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभद्र भाषा और नारेबाजी के माहौल में कोई भी अधिकारी मौके पर आने में असहज महसूस करेगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments