Homeजिला / लोकल (Local News)चंद्रपुर के कैंसर अस्पताल पर साइबर हमला, डेटा लॉक, हैकर्स ने मांगी...

चंद्रपुर के कैंसर अस्पताल पर साइबर हमला, डेटा लॉक, हैकर्स ने मांगी 75 लाख की फिरौती


चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर स्थित कैंसर केयर फाउंडेशन के कैंसर अस्पताल पर एक गंभीर साइबर हमले की घटना सामने आई है। हैकर्स ने अस्पताल के मुख्य सर्वर में घुसपैठ कर महत्वपूर्ण डेटा को लॉक कर दिया और उसे अनलॉक करने के बदले लगभग 75 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। रामनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
01 जून की सुबह अस्पताल के आईटी विभाग को सर्वर में तकनीकी खराबी का पता चला। शुरुआती जांच के दौरान सर्वर पर रैनसमवेयर का एक धमकी भरा संदेश पाया गया। आगे की जांच में यह सामने आया कि अज्ञात हैकर्स ने अस्पताल की पूरी डिजिटल प्रणाली पर नियंत्रण कर लिया है। हैकर्स ने 1.23456 बिटकॉइन, जो वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार लगभग 75 लाख रुपये के बराबर है, की मांग की है। उन्होंने धमकी दी कि यह राशि मिलने के बाद ही डेटा अनलॉक करने की “की” दी जाएगी, अन्यथा पूरा डेटा स्थायी रूप से नष्ट किया जा सकता है। इस साइबर हमले के कारण अस्पताल का हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया है। इससे मरीजों का मेडिकल इतिहास, उपचार संबंधी रिकॉर्ड और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए हैं, जिससे अस्पताल प्रबंधन के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
इस मामले में स्थानीय रामनगर पुलिस थाने में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। चंद्रपुर पुलिस का साइबर विभाग इस घटना की गहन जांच कर आरोपितों की पडताल की जा रही है। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच यह घटना स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक चेतावनी के रूप में सामने आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे महत्वपूर्ण संस्थानों को अपने डेटा और सर्वर की सुरक्षा के लिए अधिक मजबूत साइबर सुरक्षा उपाय अपनाने की आवश्यकता है।
 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments