नाहन। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर उम्मीद फाउंडेशन द्वारा पांवटा साहिब के बद्रीपुर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को ऊर्जा संकट से निपटने के लिए साइकिल जैसे यातायात साधनों के इस्तमाल को बढ़ावा देना और साथ ही क्षेत्र में बढ़ते नशे के खिलाफ़ जागरूकता पैदा करना था।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस रैली का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्यातिथि समाजसेवी ताहिर हुसैन द्वारा किया गया। सभी साइकिलों के आगे नशे से बचने के संदेश वाले पोस्टर्स लगाए गए और रास्ते में लोगों को पेम्प्लेट्स भी बांटे गए।
ताहिर हुसैन ने रैली शुरू करने से पहले ऊर्जा बचाने और साइकिल की महत्ता के बारे में बताया, साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की संयोजिका साहना ने बच्चों को अच्छा जीवन जीने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया और नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया।












