Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत:मायके पक्ष ने लगाया दहेज...

श्रावस्ती में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत:मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, पति समेत 4 पर केस दर्ज करने की मांग


श्रावस्ती जनपद के थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम चुनहवा बनकटी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मायके पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार ग्राम चुनाहवा बनकटी निवासी सपना (22) पत्नी मुनीष की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर इकौना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिनगा भेज दिया। बताया जाता है कि मृतका का पति मुनीष, जो मुंबई में मजदूरी करता है, मंगलवार को ही घर वापस लौटा था। परिवार के लोगों के अनुसार रात में भोजन करने के बाद सपना अपने कमरे में सोने चली गई थी। कुछ देर बाद कमरे से आवाज आने पर परिजन अंदर पहुंचे तो वह चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली। मृतका की मां खातूना बेगम निवासी मनोहरापुर ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी दो वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से मुनीष पुत्र अय्यूब निवासी सलवरिया चुनाहवा के साथ हुई थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद पति मुनीष मोटरसाइकिल और ससुर अय्यूब एक लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। खातूना बेगम का आरोप है कि सूचना मिलने पर जब वह बुधवार तड़के बेटी के घर पहुंचीं तो सपना का शव चारपाई पर पड़ा था तथा उसके गले पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने दामाद, ससुर, देवर एवं देवरानी समेत चार लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments