लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को उघन निदेशालय में महिला छात्रावास का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में स्थापित नवीन मशीनों का भी शुभारंभ किया। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक इकाइयों को लेटर आॅफ कम्फर्ट, अनुदान राशि के डेमो चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़ माँ के नाम के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के समग्र विकास का आधार गांवों का विकास है। जब गांव समृद्ध होंगे, किसान सशक्त होंगे और स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित होंगे, तभी प्रदेश विकसित राज्य बन सकेगा। प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं उद्यमियों को अवसर दिलाने के निर्देश दिये।
किसानों की उपज की खरीद के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाएं जिससे उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके। सरकार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर अनुदान उपलब्ध करा रही है। यदि कोई इकाई अपने परिसर में सोलर प्लांट स्थापित करती है तो उस पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जायेगा। इस अवसर पर उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण के अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा, विशेष सचिव राजकमल यादव, निदेशक उद्यान बी.पी. राम, अप निदेशक डॉ सृष्ठि धवन, उपसचिव रजनीकान्त पाण्डेय, संयुक्त निदेशक एम.पी. सिंह,फल उद्योग विकास अधिकारी सुजीत कुमार राजभर, फल संरक्षण अधिकारी मनोज सागर, संस्थान की छात्राएं, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के उद्यमी, लाभार्थी भी उपस्थित रहे।












