आवासित छात्राओं से बात कर जाना उनका कुशलक्षेम, बेहतर पढ़ाई के दिये टिप्स
विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं समय से हो मुहैया-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने विकास खण्ड हरिहरपुररानी के अन्तर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अध्ययनरत छात्राओं से बात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके उद्देश्य को भी जाना। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की भी जांच किया तथा उन्हें मन लगाकर बेहतर पढ़ाई करने व आगे बढ़ने की टिप्स भी दिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं को दिये जाने वाले भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रसोई घर, कार्यालय, गैलरी, पूरे कैम्पस एवं छात्रावास का भी निरीक्षण कर जायजा लिया और छात्राओं को मीनू के अनुसार भोजन-नास्ता आदि सुविधाओं को मुहैया कराते रहने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विद्यालय में बेहतर साफ-सफाई रखने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। उन्होने कहा कि कस्तूरबा में अध्ययनरत छात्राओं को कोई दिक्कत न होने पाये, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। विद्यालय में जितने भी स्टाफ तैनात है, वे प्रत्येक दशा में अपने तैनाती स्थल पर रहकर सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा ही मुख्य कड़ी है। इसलिए सभी छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने अभिरूचि के अनुसार अपने उद्देश्य को हासिल करें। गरीब बालिकाओं को निशुल्क शिक्षित करने के साथ उन्हें छात्रावास में रहने की व्यवस्था भोजन, कॉपी, किताब एवं यूनिफॉर्म भी दिया जा रहा है, ताकि वे पढ़ लिखकर अपना भविष्य संवार सके। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा सिंह, जिला समन्वयक सपना सोनी, वार्डेन सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रही।












