जिले में 12 जुलाई को किया जाएगा वृहद पौधरोपण-जिलाधिकारी
सभी विभागाध्यक्ष आवंटित लक्ष्य के अनुसार पौधों का उठान कर पौधरोपण करायें-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 12 जुलाई, 2026 को वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाना है। जिसमें शासन द्वारा वर्ष 2026-27 में जनपद हेतु 42,54,800 पौध रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें वन विभाग-18,64,000 पौध तथा अन्य विभागों द्वारा 23,90,800 पौध रोपण हेतु लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होने कहा कि समस्त विभागीय अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए जन सहभागिता से वृहद स्तर पर पौधों का रोपण कराना सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने आवंटित लक्ष्य के अनुसार पौधों का उठान पौधशालाओं से अवश्य कर लें। जिसके लिए पौध रोपण का लक्ष्य विभागवार आवंटित किया गया है। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व वर्षो की भांति ही विभिन्न विभागों द्वारा पौधरोपण किया जाना है, उसकी कार्ययोजना बना कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि पौधरोपण के एक सप्ताह के अन्दर उनकी जियो टैगिंग भी करायी जाए।
पर्यावरण बैठक की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में प्रतिदिन निकलने वाले वेस्टेज की सूचना नियमित रूप से प्रेषित की जाए। उन्होने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में घूर-गड्ढों की जगह चिन्हित कर खाली करायी जाए। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबन्ध पपर कार्यवाही किये जाने का निदेश दिया गया। बैठक में ठोस अपशिष्ट के कलेक्शन, सूखा/गीला कचरा के डिस्पोजल आदि पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके निस्तारण के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित भी किया गया। इसके अलावा बैठक में प्लास्टिक अपशिष्ट के डोर टू डोर कलेक्शन की वर्तमान स्थिति, सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओ के प्रयोग निषिद्व किये जाने तथा दोषियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही किये जाने एवं एम0आर0एफ सेंटर के कार्य प्रगति के वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई।बैठक का संचालन प्रभागीय वनाधिकारी धनराज मीणा ने किया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अकांक्षा रावत सहित पुलिस व अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।












