सरोजनीनगर, लखनऊ। बंधवा तालाब की सरकारी जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में एक पत्रकार से कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। सरोजनीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तपोवन नगर, बंधवा तालाब निवासी पत्रकार सुमित सिंह की तहरीर के अनुसार वह 5 जुलाई को बंधवा तालाब की सरकारी जमीन से जुड़े विवाद की वीडियो कवरेज कर रहे थे। उसी दौरान मौके पर नगर निगम और तहसील प्रशासन की टीम मौजूद थी। आरोप है कि इसी बीच सुरेंद्र रावत, उसकी पत्नी और बेटी ने पत्रकारिता का विरोध करते हुए उनके साथ गाली-गलौज की, गिरेबान पकड़कर धक्का-मुक्की की तथा गला दबाने का प्रयास किया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
तहरीर में दावा किया गया है कि घटना का वीडियो साक्ष्य उपलब्ध है और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों व अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने भी घटना देखी। पीड़ित ने आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। सरोजनीनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












