बलिया। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से सिटी माजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शुक्रवार की रात बलिया शहर के एक स्पा सेंटर पर छापा मारा। यह से छह नाबालिग लड़कियों, एक महिला और स्पा संचालक समेत दो युवकों को पकड़ा है। दिल्ली पुलिस सभी लड़के-लड़कियों को स्थानीय कोर्ट में पेश कर अपने साथ ले जाने का प्रयास करेगी।
शुक्रवार दोपहर से ही दिल्ली पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर और छह से अधिक जवान नगर के शीश महल इलाके में चटोरी गली स्थित एक स्पा पहुंच गए थे। इसकी किसी को भनक भी नहीं लगी थी। देरशाम करीब सात बजे सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा और शहर कोतवाल विपिन सिंह भी पहुंच गए। इसके बाद एक-एक कर सात नाबालिग लड़कियां और एक महिला को लेकर पुलिस बाहर आई। पुलिस अपने साथ दो युवकों को भी बाहर लेकर आई।
सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस ने अपने यहां एक नाबालिग लड़की की गुमशुदगी के दर्ज मामले की तहकीकात के सिलसिले में यह कार्रवाई की है। शहर कोतवाल विपिन सिंह ने शनिवार सुबह बताया कि दिल्ली पुलिस ने एक केस के सिलसिले में स्पा सेंटर में छापेमारी की। जिसमें सात लड़कियों और दो लड़कों को पकड़ा है। चूंकि कई लड़कियां नाबालिग हैं, इसलिए इन्हे सीडब्लूसी के सामने पेश किया जायेगा।












