अम्बेडकरनगर। लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग की घटना के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर जिले में प्रशासन सख्त हो गया है।जनपद में संचालित लाइब्रेरी एवं कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रामेश्वर लाइब्रेरी, उसरहवा, परफेक्ट डिजिटल लाइब्रेरी, सौम्या लाइब्रेरी शहजादपुर, एसएस फाउंडेशन क्लासेज शहजादपुर तथा सिग्मा ट्यूटोरियल्स कोचिंग क्लासेज का भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान संस्थानों में सुरक्षा मानकों, मानक के अनुसार अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्यार्थियों हेतु उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित संचालकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं सदैव क्रियाशील अवस्था में रहनी चाहिए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कोचिंग संचालकों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।उन्होंने कहा लखनऊ की घटना से सबक लेते हुए हम सुनिश्चित करेंगे कि जिले में किसी भी छात्र की सुरक्षा से समझौता न हो।
पुलिस अधीक्षक ने संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से संचालित रहें तथा प्रवेश एवं निकास गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सतर्कता बरतने एवं सुरक्षा संबंधी सभी प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, क्षेत्राधिकारी नीतीश तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लखनऊ अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन अलर्ट,जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न लाइब्रेरी एवं कोचिंग संस्थानों का किया औचक निरीक्षण
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












