जम्मू। नगर परिषद राजौरी द्वारा बुधवार को डाक बंगला राजौरी में जिला स्तरीय पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पांचों शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) राजौरी, नौशेरा, थन्नामंडी, कालाकोट और सुंदरबनी से लगभग 150 स्ट्रीट वेंडर्स विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर परिषद राजौरी के कार्यकारी अधिकारी यूसुफ-उल-उमर द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।
इस अवसर पर शहरी अर्थव्यवस्था में योगदान के लिए स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानित किया गया। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना, डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
अतिरिक्त उपायुक्त राजौरी रवि कुमार सिहाग ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स विक्रेताओं को संस्थागत ऋण और सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने विक्रेताओं से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने और अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाने का आह्वान किया। बैंकों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए डिजिटल भुगतान प्रणाली को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रशासन की ओर से स्ट्रीट वेंडर्स के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त राजस्व मोहम्मद जहांगीर खान, जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन अधिकारी संदीप शर्मा, विभिन्न यूएलबी के कार्यकारी अधिकारी, बैंक अधिकारी, टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












