जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर दिया विशेष जोर
किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत कार्रवाई की जाए-जिलाधिकारी
केंद्र के नजदीक अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और भीड़भाड़ पूरी तरह रहेगी प्रतिबंधित-पुलिस अधीक्षक
श्रावस्ती। जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिसके तहत आज जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने एकमात्र बनाये गये नीट परीक्षा केंद्र पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय भिनगा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने सुरक्षा प्रबंधों, बैठक व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारी को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उक्त परीक्षा अपरान्ह 02ः00 बजे से 05ः15 बजे तक आयोजित होना है। दिव्यांग परीक्षार्थियों हेतु परीक्षा का समय अपरान्ह 02ः00 बजे से 06ः20 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा में कुल 584 बच्चों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा, जिसमें पुरूष 364 व महिला 220 (दिव्यांग 06) है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षार्थियों को एक सुरक्षित, तनावमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय मेटल डिटेक्टर से सघन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल या प्रतिबंधित सामग्री न जा पाए, इसके लिए महिला व पुरुष अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाए। जिलाधिकारी ने परीक्षा नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि हर कमरे पर सीसीटीवी के जरिए पैनी नजर रखी जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने केंद्र पर पेयजल, पंखों, चिकित्सा व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र के बाहर और आसपास के क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान केंद्र के नजदीक अनाधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और भीड़भाड़ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होने सभी पुलिस कर्मियों को पूरी सक्रियता के साथ ड्यूटी कर परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












