शिक्षा से निखरेगा बच्चों का भविष्य, गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती, 18 अप्रैल, 2026। सू0वि0। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने विकासखण्ड सिरसिया के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय सोनबरसा का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की कक्षा में जाकर निरीक्षण किया, जिसमें पाया गया कि विद्यालय में कक्षा 01 से 05 तक की परीक्षाएं चल रही है। इस दौरान जिलाधिकारी ने दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की भी छात्र-छात्राओं से बात कर परखा। उन्होने विद्यालय में बने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, किचन, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकता में शामिल स्मार्ट क्लास योजना की जमीनी हकीकत परखी और पठन-पाठन की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति शिक्षिका से इंटरनेट की उपलब्धता तथा पढ़ाई हेतु उपलब्ध कंटेंट के बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा से ही बच्चों का भविष्य निखरेगा, इसलिए शिक्षा की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होने निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि स्मार्ट क्लास का उपयोग केवल औपचारिकता न हो, बल्कि प्रत्येक दिन टाइम-टेबल के अनुसार कक्षाएं संचालित हों। बिजली और इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ-साथ उपकरणों की सुरक्षा और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










