लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात 01:40 पर सड़क हादसे में 25 वर्षीय कंटेनर चालक की मौत हो गई। खुशहालगंज के पास एक अनियंत्रित ट्रक और कंटेनर के बीच सीधी टक्कर हुई, जिसमें कंटेनर चालक संदीप कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
संदीप को गंभीर हालत में केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के मुताबिक, संदीप की शादी होने वाली थी। और घर में शादी की तैयारियां चल रही थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक संदीप कुमार वर्मा आजमगढ़ जिले के सराय कल्याण देव गांव के निवासी थे। वह गुजरात की एक नमकीन फैक्ट्री में कंटेनर चालक के रूप में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि संदीप पिछले दो महीनों से लगातार विभिन्न शहरों में सामान की डिलीवरी कर रहे थे। सोमवार को वह माल लेकर बस्ती गए थे और बुधवार सुबह करीब 4 बजे डिलीवरी पूरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान काकोरी के खुशहालगंज के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से उनके कंटेनर की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और संदीप उसमें फंस गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। पुलिस ने संदीप के मोबाइल फोन के जरिए उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। संदीप तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता भैया लाल और मां अनारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि संदीप की शादी की तैयारियां चल रही थीं। दिसबंर में शादी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही ये हादसा हो गया। काकोरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तड़के कम दृश्यता और लंबी ड्राइव के कारण होने वाली थकान भी ऐसे हादसों का एक बड़ा कारण बनती है।












