लखनऊ। हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास ट्रैफिक जाम का झाम खत्म होगा। इसके लिए एलडीए रूमी गेट के पास पार्किंग बनाएगा, जिसमें बसों के साथ ही लगभग 450 वाहन खड़े हो सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को हेरिटेज जोन का निरीक्षण करके अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिये।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। जिससे इमामबाड़ा, घंटा घर, रूमी दरवाजा समेत हेरिटेज जोन में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को भी दिक्कत होती है। इसे ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का सर्वे कराया गया था। जिसमें रूमी गेट के बगल में पार्किंग के लिए लगभग 9,000 वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गयी है। उन्होंने बताया कि यहां 15 बसें, 150 चार पहिया वाहन व लगभग 300 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी। इस पार्किंग को लगभग 03 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित किया जाएगा।

पार्किंग में वाहनों के प्रवेश व निकासी के लिए रूमी गेट के बगल से 14 मीटर चौड़ा कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग से पैदल यात्रियों की निकासी के लिए मुसाफिर खाना गेट से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त हुसैनाबाद स्थित फूड कोर्ट के पीछे निर्माणाधीन लाइब्रेरी के पास लगभग 700 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्किंग विकसित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद क्षेत्र में इन 02 स्थानों पर पार्किंग बनने से न सिर्फ क्षेत्र वासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
ठेकेदार पर डेढ़ लाख का जुर्माना
एलडीए द्वारा रेजिडेंसी के पास प्लेस मेकिंग का कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण में कार्य की प्रगति धीमी मिलने पर उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था मेसर्स एफ0एन0 एंड कंपनी पर डेढ़ लाख रूपये का जुर्माना लगाया है। इसके बाद उन्होंने सूरज कुण्ड पार्क का निरीक्षण किया, जहां परिसर के पास अवैध झुग्गी-टीन शेड को हटाने के निर्देश दिये। साथ ही पार्क में तैनात कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी के लिए वहां मशीन लगाने के निर्देश दिये।
इसी महीने खुल जाएगी लजीज गली
एलडीए ने हुसैनाबाद में लजीज गली विकसित की गयी है। जिसमें 15 फूड कियॉस्क निर्मित किये गये हैं। वर्तमान में स्थल पर टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण का कार्य चल रहा है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि 15 दिन के अंदर समस्त कार्य पूर्ण कराकर इसी माह लजीज गली संचालित कर दी जाए। इससे स्थानीय कामगारों को रोजगार के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
नींबू पार्क में शुरू होगा फाउंटेन
वीसी ने नींबू पार्क का भी निरीक्षण किया। यहां प्राधिकरण द्वारा सौंदर्यीकरण व हॉर्टीकल्चर के विभिन्न कार्य कराये गये हैं। उन्होंने पार्क में स्थापित किये गये नये फाउंटेन को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिये।
उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्क में नींबू की अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाये जाएं। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं नीरज कुमार, उद्यान अधिकारी एस0के0 भारती समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।












