लखनऊ। बुधवार शाम परिवर्तन चौक के आस पास अचानक जाम की स्थिति पैदा हो गई। परिवर्तन चौक से जुड़े सभी मार्गों पर वाहन की लंबी कतारें लग गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीएम शाम को एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। इस कारण जाम की स्थिति पैदा हो गई। जनता बेहाल होकर निकलने का रास्ता खोजते नजर आई। यह स्थिति लगभग एक घंटे तक बनी रही।
मिली जानकारी के मुताबिक सीएम योगी बुधवार शाम एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। अचानक यह सूचना मिलते ही पुलिस विभाग अलर्ट हो गया। हजरतगंज से आईटी जाने का मार्ग खाली कर दिया गया। वहीं अन्य रास्तों पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई। इस दौरान कैसरबाग से आने वाले वाहनों को रोका गया। इससे कैसरबाग में जाम की स्थिति पैदा हो गई।
आईटी से आने वाले वाहनों का डायवर्जन करके डालीगंज की तरफ भेजा गया। वहीं डालीगंज की तरफ से घूमकर आने वाले वाहन होटल क्लार्क के पास आकर फंस गए। वहीं निशातगंज से आने वाले ट्रैफिक को हजरतगंज आने से रोका गया इससे सिकंदरबाग जवाहर भवन के पास जाम की स्थिति पैदा हो गई।
लोग किसी तरह गलियों से आकर मुख्य मार्ग पर फंस गए। शाम को दफ्तर से छुट्टी के बाद घर निकले लोगों के कारण जाम की स्थिति विकट हो गई। तकरीबन एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं इस दौरान जरूरी काम से निकले लोगों को काफी परेशान होना पड़ा लोग निकलने के लिए रास्ता खोजने में मशक्कत करते रहे।












