#बस्ती_न्यूज
ज्येष्ठ मास के बड़े मंगलवार के अवसर पर कलवारी क्षेत्र के बगौड़ा गांव में भंडारे और भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान हिंदू और मुस्लिम समुदायों के लोगों ने मिलकर व्यवस्था संभाली और प्रसाद वितरित किया, जो सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल बना। इस आयोजन में लगभग 400 से 600 श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में आसपास के 5 से 6 गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह से ही गांव में बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार का क्रम शुरू हो गया था। भजन संध्या में हनुमान जी के भक्ति गीत गूंजते ही पूरा पंडाल जयकारों और भक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करने के साथ-साथ प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया, जिससे गांव में भाईचारे और एकता का संदेश मजबूत हुआ। इस आयोजन को सफल बनाने में पिंटू बाबा, दया शंकर पाण्डेय (भंडारी), गुड्डू कुमार, किसन कुमार, प्रधान प्रतिनिधि अशफाक अहमद, आसिफ खम्हरिया और साहबान खान सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजक दया शंकर पाण्डेय ने कहा कि बगौड़ा गांव हमेशा से प्रेम और सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने बताया कि बड़े मंगलवार पर मुस्लिम भाइयों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि त्योहार लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। वहीं प्रधान प्रतिनिधि अशफाक अहमद ने कहा कि इंसानियत और आपसी भाईचारा सबसे बड़ा धर्म है और यही गांव की साझी संस्कृति की पहचान भी है। भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जहां ग्रामीणों और राहगीरों ने बड़े श्रद्धाभाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के बाद क्षेत्रभर में दोनों समुदायों के युवाओं और आयोजक समिति की सराहना की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
भंडारे में हिंदू-मुस्लिम ने मिलकर बांटा प्रसाद:बगौड़ा में दिखा सांप्रदायिक सौहार्द का नजारा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












