देशभर में लोगों का गर्मी से बुरा हाल है लेकिन इस बीच अब एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देश के कई राज्यों में अब मौसम करवट लेने वाला है जिससे लोगों को अब गर्मी से राहत मिल सकती है। आज मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान चलने की संभावना है। इसके साथ ही कई राज्यों में आंधी-तूफान से नुकसान होने की भी संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में लोगों को आज भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई को दिल्ली में आंधी-तूफान की संभावना है। इसके साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है और यह सिलसिला 29 मई तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में आज 27 मई को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: ‘मैंने फरवरी में OSM हैक किया था…’, गड़बड़ी और दावों पर क्या बोला CBSE?
उत्तर प्रदेश में बारिश
उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी, उमस और लू की मार से बेहाल था लेकिन पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में मौसम ने करवट बदली है। आज मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बरेली, हरदोई, शाहजहांपुर, इटावा, जालौन, सीतापुर, सिद्धार्थ नगर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बहराइच, हमीरपुर, झांसी, मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, गोरखपुर, अयोध्या, देवरिया और प्रयागराज में मध्यम से भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70-75 से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों को फसलों और पशुओं की सुरक्षा के इंतजाम करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही आम लोगों को भी बेवजह घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है। कुछ दिन पहले भी उत्तर प्रदेश में अचानक आए तूफान के कारण काफी ज्यादा नुकसान हुआ था।
बिहार में भी बारिश
उत्तर प्रदेश के पड़ोसी राज्य बिहार में भी बारिश का दौर कल से शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने आज यानी 27 मई को बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, गोपालगंज, सिवान, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, भागलपुर, अररिया, किशनगंज और मुंगेर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के साथ-साथ आज झारखंड में भी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में भी आज कई हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, चंपावत, बागेश्वर, उधम सिंह नगर, उत्तर काशी और पिथौरागढ़ में बारिश- तूफान का अलर्ट जारी किया है। बारिश का यह सिलसिला 28 मई तक जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, चंबा, सिरमौर और सोलन में भारी बारिश के साथ-साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: नर्मदा की जीत से जोश हाई, आखिर गुजरात में इतनी उत्साहित क्यों है आम आदमी पार्टी?
किन राज्यों में होगी गर्मी?
देश के कई राज्यों में आज लू का अलर्ट भी जारी किया गया है। कुछ राज्यों में तो गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के कुछ जिले, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की संभावना है। बारिश से अरुणाचल प्रदेश में हालत खराब है। इसके अलावा असम और मेघायल समेत अन्य राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।












