रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
निचलौल (महाराजगंज)।
गोरखपुर-निचलौल मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार डंपर और बाइक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना निचलौल थाना अंतर्गत दमकी गांव स्थित भारत गैस एजेंसी के समीप शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। चारों युवक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने निचलौल आ रहे थे।
दुर्घटना की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा
सकता है कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चारों युवक गाड़ी के नीचे आ गए। सूचना पर पहुंची निचलौल पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निचलौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।मृतकों की पहचान
सन्नी साहनी (18) पुत्र रामक्यास निवासी पचमा टोला केवटानी, निचलौल,रवि साहनी (18) पुत्र रामव्यास निवासी पचमा टोला केवटानी, निचलौल,विवेक साहनी (17) पुत्र संतोष — निवासी पचमा टोला केवटानी निचलौल तथा रिकेश (19) पुत्र श्रीपति निवासी गोगरहा चुनार, जिला मिर्जापुर के रूप में हुआ। घटना से क्षुब्ध ग्रामीणों व परिजनों ने बुधवार को बरोहिया ढाले पर गोरखपुर-निचलौल मार्ग को घंटों जाम रखा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर कई थानों की पुलिस व अतिरिक्त बल तैनात किया गया। सूचना पाकर पहुंचे उप-जिलाधिकारी (SDM) सिद्धार्थ गुप्त ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से प्रत्येक पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, नाबालिग बच्चों के भरण-पोषण हेतु आर्थिक सहायता तथा मृतक की बहन की शादी के लिए आर्थिक सहयोग की मांग की। SDM सिद्धार्थ गुप्त ने शासन स्तर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। तहसील प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान भाजपा से अजय लाल श्रीवास्तव, कांग्रेस से राजू गुप्त और सपा से सुशील टेबड़ेवाल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया।












