सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ नगर पंचायत में शनिवार को अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक पत्रकार से अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना घनी आबादी के बीच संचालित चिकवा मंडी (मीट/मछली मंडी) को हटाने की मांग से जुड़े अभियान के दौरान हुई। वार्ड संख्या-09 शिवनगर निवासी मनीष वर्मा ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को एक प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें उन्होंने घनी आबादी के बीच चल रही चिकवा मंडी को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की थी। शिकायत में मंडी से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों, दुर्गंध और स्वच्छता संबंधी समस्याओं का उल्लेख किया गया था, जिससे जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर चिंता जताई गई थी। शिकायतकर्ता ने मंडी के पास मंदिर और घनी आबादी होने का हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसी प्रकरण में 19 जून को शोहरतगढ़ पुलिस अवैध और अनाधिकृत दुकानों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि इस प्रशासनिक कार्रवाई का कवरेज करने पहुंचे पत्रकार श्रवण कुमार पटवा वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान उनकी मीट व्यवसायी नसीरुद्दीन उर्फ भोपू, निवासी मोतीलाल नगर, से कहासुनी हो गई। पत्रकार श्रवण कुमार पटवा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि नसीरुद्दीन ने उन्हें वीडियो बनाने से रोका, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उन्हें धमकी दी और पत्रकारिता के कार्य में बाधा डाली। पत्रकार की शिकायत पर शोहरतगढ़ थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर के अनुसार, श्रवण कुमार पटवा ने घटना की सूचना उसी दिन प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ को लिखित रूप में भी दी थी। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शोहरतगढ़ में अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान पत्रकार से अभद्रता:वीडियो बनाने को लेकर मीट दुकानदार से हुआ विवाद, मुकदमा दर्ज कर जाचं शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












