बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में शिव शोभायात्रा के दौरान एक आम के पेड़ की डाल टूटने के बाद विवाद हो गया। इस मामले में एक पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगा है, जबकि चार लोगों के खिलाफ मारपीट सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना शुक्रवार देर शाम खैरी समैसा गांव से निकली भगवान शिव शंकर की प्राण प्रतिष्ठा शोभायात्रा के दौरान हुई। शोभायात्रा बूढ़ेश्वर नाथ मंदिर से वापस खैरी समैसा गांव लौट रही थी, तभी वैवाही गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ की एक डाल टूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डाल टूटने की इस घटना को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसने बाद में विवाद का रूप ले लिया। मौके पर पहुंचे पुलिस कांस्टेबल फैजल खान पर शोभायात्रा में शामिल कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, शनिवार दोपहर खैरीघाट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल फैजल खान के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं और वह पूरी तरह निर्दोष हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आम के पेड़ को बचाने का प्रयास कर रही महिला के पुत्र प्रमोद की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। समैसा गांव निवासी गुरुदीन, राजू, दिनेश और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शोभायात्रा में पेड़ की डाल टूटी, विवाद:खैरीघाट में पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप, चार पर केस
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












