HomeHealth & Fitnessमानव सेवा की मिसाल: टीबी मुक्त अभियान के तहत 25 क्षय रोगियों...

मानव सेवा की मिसाल: टीबी मुक्त अभियान के तहत 25 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली

गाजियाबाद। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से गति देने की दिशा में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, गाजियाबाद इकाई और रोटरी क्लब न्यू गाजियाबाद ने शनिवार को एक प्रेरणादायी पहल करते हुए 25 चयनित क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली वितरित की। इस सेवा अभियान का उद्देश्य केवल पोषण सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि टीबी से जूझ रहे मरीजों में आत्मविश्वास जगाकर उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करना भी रहा कार्यक्रम में रेड क्रॉस संरक्षक एवं रोटरी क्लब न्यू गाजियाबाद के अध्यक्ष गौरव त्यागी के सहयोग और नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान में गाजियाबाद नगर निगम के उपाध्यक्ष रो. प्रवीण चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अपने संबोधन में रो. प्रवीण चौधरी ने कहा कि समाज में बड़े आयोजन और भंडारे करना आसान है, लेकिन असली पुण्य उस व्यक्ति की सहायता करने में है जो बीमारी और अभाव से जूझ रहा हो। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को दवा के साथ-साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है और यही सच्चे अर्थों में ईश्वर की आराधना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित के ऐसे प्रत्येक अभियान में नगर निगम हरसंभव सहयोग देता रहेगा।

निवर्तमान रेड क्रॉस सभापति सुभाष गुप्ता ने बताया कि पिछले चार वर्षों में रेड क्रॉस गाजियाबाद ने सेवा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब और भारत विकास परिषद जैसी सामाजिक संस्थाओं ने हर सेवा अभियान में निस्वार्थ भाव से सहयोग देकर रेड क्रॉस के मिशन को मजबूत बनाया है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. कीर्ति तोमर ने टीबी रोगियों से संवाद करते हुए उन्हें बीमारी को कमजोरी नहीं, बल्कि इलाज और सकारात्मक सोच से हराई जा सकने वाली चुनौती बताया। उन्होंने मरीजों को हीन भावना से दूर रहकर नियमित दवा, पौष्टिक आहार और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। भीषण गर्मी और लगभग 40 डिग्री तापमान के बावजूद सभी चयनित लाभार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति इस अभियान के प्रति लोगों के विश्वास और जागरूकता का प्रमाण बनी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विपिन अग्रवाल, विवेक गुप्ता, मो. आसिफ, प्रमोद शर्मा, नवीन पाठक, नावेद अनवर बर्नी के साथ स्वास्थ्य एवं क्षय रोग विभाग के रविंद्र सिंह, सोनेन्द्र चौधरी, निशांत बाटला, मधु सिंधु और सीमा रानी ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन.. हमारा मकसद स्वस्थ जनपद.. आओ साथ चलें.. के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने विश्वास जताया कि समाज, सामाजिक संस्थाओं और प्रशासन की साझा भागीदारी से टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से साकार होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments