सिद्धार्थनगर, 28 जून। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 43वीं वाहिनी ने खुनुवा सीमा चौकी पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल में तस्करी की जा रही 855 किलोग्राम यूरिया खाद जब्त की है। इस दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। एसएसबी के अनुसार, यह घटना भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या 554/1 से लगभग 100 मीटर भारत की ओर हुई। विशेष गश्त के दौरान जवानों ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को साइकिल और कंधों पर बोरियों में सामान लादकर नेपाल की ओर जाते देखा। जवानों ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन तस्कर सीमा की निकटता और अंधेरे का लाभ उठाकर अपना सामान छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले। इसके बाद, एसएसबी ने घटनास्थल और उसके आसपास लगभग 500 मीटर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कुल 19 बोरी यूरिया खाद, जिसका वजन 855 किलोग्राम था, और एक साइकिल बरामद की गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त की गई सामग्री को सीमा शुल्क विभाग, खुनुवा को सौंप दिया गया है। एसएसबी ने बताया कि 43वीं वाहिनी भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों, अवैध मुद्रा और वन्यजीव तथा वन उत्पादों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ समय-समय पर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
खुनुवा बॉर्डर पर 855 किलो यूरिया खाद जब्त:एसएसबी ने नेपाल तस्करी का प्रयास विफल किया, तस्कर भागे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












