पश्चिमी सिंहभूम। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंहपोखरिया गांव में गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया।
घर में हुए झगड़े के दौरान एक पिता ने अपने इकलौते पुत्र पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महती गोप और उसके पुत्र माटूल गोप के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में महती गोप ने पास में रखा डंडा उठाकर बेटे के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया।
गंभीर चोट लगने से माटूल गोप के सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना गांव के मुंडा ने तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महती गोप को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों ने बताया कि मृतक माटूल गोप अक्सर हड़िया और अन्य नशीले पेय का सेवन करता था।
नशे की हालत में वह घर लौटकर परिवार के सदस्यों के साथ विवाद करता था। परिजन कई बार उसे समझाने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन गुरुवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि घटना ने हत्या का रूप ले लिया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने शुक्रवार को कहना है कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












