#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नरायनपुर पांडेय गांव में गुरुवार दोपहर लगभग 1 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। ढीले बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस आग में 10 बीघा गेहूं का डंठल और 5 बीघा आम, महुआ व कटहल के बाग जलकर राख हो गए। एक नीलगाय का बच्चा भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आग से किसान हरिशंकर, गयासुद्दीन और हनुमान सहित कई किसानों का भूसा बनाने के लिए रखा गया गेहूं का डंठल नष्ट हो गया। इसके अतिरिक्त, गौतम पाठक, सत्यदेव तिवारी, विजयनाथ तिवारी और भोला तिवारी के आम, महुआ और कटहल के बाग भी पूरी तरह जल गए। सूचना मिलने पर 112 की तीन टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। दोपहर लगभग 2:15 बजे फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। लीडिंग फायरमैन विजय सिंह के नेतृत्व में फायरमैन महेश सिंह, कपिल जायसवाल, शिव श्याम यादव, चंद्रमौली और श्रवण कुमार की टीम ने पूरी क्षमता से आग पर काबू पाया और उसे आगे फैलने से रोका। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से ढीले तारों को बदलकर केबल लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लगभग 20 दिन पहले भी तारों से चिंगारी निकलने की सूचना विद्युत विभाग को दी गई थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में अवर अभियंता विद्युत राजित राम ने कहा कि उनके पास ढीले तार बदलकर केबल लगवाने की कोई व्यवस्था नहीं है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से हुए नुकसान की भरपाई करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग:10 बीघा गेहूं का डंठल और 5 बीघा बाग राख, नीलगाय का बच्चा झुलसा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












