लखनऊ। एलडीए वरूण विहार समेत पांच शहरी परियोजनाओं को यूसीएफ (अर्बन चैलेंज फंड) से रफ्तार देगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को दिल्ली से आयी यू0सी0एफ0 की टीम के साथ बैठक करके इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए मंथन किया।
बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, प्राधिकरण के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार, यूसीएफ के सदस्य मृत्युंजय जायसवाल, दीपू टॉम एवं नीरजा गुप्ता समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे। एलडीए वीसी ने बताया कि आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक अर्बन चैलेंज फंड योजना संचालित की जा रही है। जिसके अंतर्गत शहरी परियोजनाओं के लिए 25 प्रतिशत तक धनराशि पूंजी के तौर पर दी जाती है।
उन्होंने बताया कि वरूण विहार समेत 05 परियोजनाओं हेतु पूंजी जुटाने के लिए अर्बन चैलेंज फंड में आवेदन किया गया था। जिसके क्रम में गुरूवार को लखनऊ पहुंची यू0सी0एफ0 की टीम के साथ पारिजात सभागार में बैठक की गयी। जिसमें उक्त सभी परियोजनाओं का प्रेजेन्टेशन दिया गया, जिसके लिए वित्तीय अनुदान मांगा गया है। बैठक में वरूण विहार योजना का प्रेजेन्टेशन दिया गया। आगरा एक्सप्रेस-वे पर 6580 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित इस आवासीय योजना में लाखों परिवारों के अपने आशियाने का सपना साकार होगा। योजना के प्रथम चरण में लगभग 1,000 करोड़ रूपये की धनराशि से विकास कार्य किये जाने हैं। जिसके लिए यू0सी0एफ0 से 25 प्रतिशत धनराशि मांगी गयी है।
1090 चौराहे पर बैकुण्ठ धाम से लामार्टीनियर ग्राउंड तक 2.3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना में कुल 330 करोड़ रूपये का खर्च आएगा और लगभग 10 लाख की शहरी आबादी को इसका लाभ मिलेगा। इसी तरह 30 करोड़ रूपये की लागत से प्रस्तावित पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग के लिए वित्तीय अनुदान मांगा गया है।
वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि हनुमान सेतु के पास 2592 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। लखनऊ विश्वविद्यालय के पास यह लाइब्रेरी बनने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। इसके निर्माण में 58.78 करोड़ रूपये की लागत आएगी। इसके अलावा 195 करोड़ रूपये की लागत से कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स के री-डेवलपमेंट कार्य के लिए यू0सी0एफ0 से वित्तीय सहायता मांगी गयी है।












