देश में तेज गर्मी से हल्की राहत तो मिली है लेकिन अब उमस का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भीषण गर्मी पड़ रही है, तेज धूप से लोग परेशान हैं। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का भी ऐसा ही हाल है। हल्की बारिश के बाद हुई तेज धूप लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। ऐसा नहीं है कि देश के सभी राज्यों में ऐसा ही मौसम है, कई राज्य राहत की सांस ले रहे हैं।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से देश के मध्य हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक मॉनसून काफी सक्रिय रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: ’10 करोड़ लोग चपेट में’, अमेरिका में प्रचंड गर्मी की वजह क्या है?
कहां-कहां होगी बारिश?
5 से 7 जुलाई तक कोंकण-गोवा और गुजरात में, 5 से 6 जुलाई तक मध्य महाराष्ट्र में, सौराष्ट्र और ओडिशा में तेज बारिश होगी। पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने इन इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की भी चेतावनी दी है।
देश के दूसरे हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 5 से 10 जुलाई के बीच कई दिनों तक बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ दिनों में भारी बारिश भी हो सकती है।
मध्य भारत में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में पूरे हफ्ते व्यापक बारिश रहेगी। पूर्वी भारत में ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की लू और अरब सागर की उमस ने दिल्ली की गर्मी कैसे बढ़ा दी?
पश्चिमी तट पर कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में 5 से 10 जुलाई तक लगातार भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई में तेज बारिश से लोग परेशान रह सकते हैं। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी कई जगहों पर अच्छी बारिश होगी।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले कई दिन बादल छाए रहेंगे। 5 से 7 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।












