रांची। झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी ) की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
सीआईडी ने एक साइबर अपराधी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बृजेश सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला बताया गया है।
डीएसपी नेहा बाला ने रविवार को बताया कि गत 10 मार्च 2026 को साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 27/26 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से एफएक्सपीआरओ ग्रुप सीसी नामक ग्रुप से जोड़ा गया और बाद में एक वेबसाइट के जरिए फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने का झांसा दिया गया।
जांच में सामने आया कि ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए और शुरुआत में मुनाफा दिखाकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद पीड़ित से लगातार बड़ी रकम निवेश कराई गई। मामले में कुल करीब 8.52 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की पुष्टि हुई है।
तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेकबुक सहित कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।












