बहराइच में अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दरगाह शरीफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश स्तर पर चिन्हित टॉप-68 माफियाओं में शामिल गब्बर सिंह उर्फ देवेंद्र प्रताप सिंह के संगठित गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार भी कर लिया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर की गई। प्रशासन के अनुसार गब्बर सिंह उर्फ देवेंद्र प्रताप सिंह पर संगठित गिरोह बनाकर कीमती जमीनों, मकानों और अन्य संपत्तियों को फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के जरिए हड़पने तथा उन पर अवैध कब्जा करने के आरोप हैं। गिरोह की गतिविधियों और आपराधिक इतिहास का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने गैंग चार्ट को स्वीकृति प्रदान की थी। इसके आधार पर थाना दरगाह शरीफ में मुकदमा अपराध संख्या 243/2026 दर्ज किया गया। मामला उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत पंजीकृत किया गया है। अनारकली रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के सक्रिय सदस्य अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। वह मोहल्ला हमजापुरा, थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसे अनारकली रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों और फर्जी दस्तावेजों के जरिए संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बहराइच में गब्बर सिंह पर गैंगस्टर की कार्रवाई:टॉप-68 माफिया सूची में शामिल एक सदस्य गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












