HomeHealth & Fitnessग्राम पंचायत विकास योजना का प्रशिक्षण, सचिवों को सिखाई गई कार्ययोजना तैयार...

ग्राम पंचायत विकास योजना का प्रशिक्षण, सचिवों को सिखाई गई कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया

देवरिया। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत विकासखंड भटनी के ब्लॉक सभागार में सोमवार को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भटनी, भाटपाररानी और बनकटा विकासखंड के ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों को विकास योजनाओं के प्रभावी निर्माण और ऑनलाइन फीडिंग की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विंध्याचल सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना गांव के समग्र विकास का आधार है। इसलिए इसे केवल औपचारिकता न मानते हुए पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ तैयार किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल सके।

प्रशिक्षक सुरेश कुमार ने योजना निर्माण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा आजीविका जैसे विषयों को योजना में प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वहीं प्रशिक्षक कमलेश गिरी ने डिजिटल मॉनिटरिंग, जनजागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े तकनीकी पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

कंप्यूटर ऑपरेटर अजय दूबे ने पोर्टल पर ग्राम पंचायत विकास योजना की ऑनलाइन फीडिंग का लाइव प्रदर्शन कर तकनीकी प्रक्रिया समझाई। इस दौरान निर्भय नारायण सिंह, रेहाना खातून, विजय यादव, सतीश शाही, त्रयंबक मणि, अरुण श्रीवास्तव, सुनील मिश्र, अजय मिश्र, जितेंद्र यादव, अविनाश पासवान, दीनदयाल चौहान, संकटा प्रसाद शास्त्री और शैलेश गिरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments