प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की पुलिस और जिला प्रशासन ने रविवार काे गैंगस्टर मोहम्मद नब्बे उर्फ नईम उर्फ नजमे आलम की करीब 15 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। कुर्क की गई संपत्तियों का कुल क्षेत्रफल 1282.5 वर्गमीटर है। इनमें निर्माण सहित एक संपत्ति भी शामिल है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी मोहम्मद नब्बे उर्फ नईम उर्फ नजमे आलम के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि उसने भय और दबाव के बल पर लोगों को धमकाकर अपराध जगत से अर्जित धन से संपत्तियां बनाई थीं। इन संपत्तियों को अपनी पत्नी और बेनामी लेनदेन के माध्यम से रवि चौरसिया तथा निकट संबंधी इस्म बानो के नाम पर रखा गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने नवाबगंज तहसील के सोरांव क्षेत्र में स्थित इन संपत्तियों को चिन्हित किया। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त न्यायालय कमिश्नरेट प्रयागराज के समक्ष आख्या प्रस्तुत की गई थी। सुनवाई के बाद 21 अगस्त 2026 को कुर्की का आदेश जारी किया गया। इसके अनुपालन में संबंधित राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्तियों को कुर्क किया।
कुर्क की गई संपत्तियों में आराजी संख्या 633मि0 की अलग-अलग हिस्सों में कुल पांच आराजी शामिल हैं। इनमें 243 वर्गमीटर में निर्माण सहित संपत्ति, 199.5 वर्गमीटर, 450 वर्गमीटर, 290 वर्गमीटर और 100 वर्गमीटर की जमीन शामिल है। इन सभी का कुल रकबा 1282.5 वर्गमीटर बताया गया है। इनकी बाजार कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद नब्बे उर्फ नईम उर्फ नजमे आलम के खिलाफ नवाबगंज, शिवकुटी और अन्य थानों में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामले शामिल हैं। वर्ष 2022 में नवाबगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
कुर्की की कार्रवाई के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह, तहसीलदार सोरांव बजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक होलागढ़ सतीश कुमार, प्रभारी निरीक्षक सोरांव दिनेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज पंकज अवस्थी समेत पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।












