बहराइच। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा गुरुवार को जनपद बहराइच पहुंचे। यहां उन्होंने पीडीए संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सरकार बड़े लोगों को बचा रही है और केवल छोटे कर्मचारियों को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार छोटे-मोटे सफाई कर्मचारियों और ड्राइवरों को गिरफ्तार कर इस मामले को दबाना चाहती है। उन्होंने मौजूदा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी को चरम पर बताया। पूर्व मंत्री ने कहा कि किसान और नौजवान सभी परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को नकार कर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी। राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान में हो रही हत्याओं में 60 से 80 प्रतिशत पीडीए वर्ग के लोग शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन हत्याओं को अंजाम देने वाले भारतीय जनता पार्टी के समर्थित लोग हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि योगीराज में हुए 70 प्रतिशत फर्जी एनकाउंटर पीडीए वर्ग से संबंधित थे। बुलडोजर की कार्रवाई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में लोगों को डराने और धमकाने के लिए जितनी भी कार्रवाई हुई है, उनमें से 24 में से 22 कार्रवाईयां केवल पीडीए वर्ग के लोगों, जैसे पिछड़े, दलित, मुसलमान, यादव और गुर्जरों के खिलाफ की गई हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग समाजवादी पार्टी और विपक्ष से संबंधित हैं। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री यासर शाह, जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव, नंदेश्वर यादव, जफर उल्ला बंटी और अब्दुल मन्नान सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राम मंदिर मामले में सरकार बड़े लोगों को बचा रही:पूर्व मंत्री राम आसरे बोले- 70 प्रतिशत फर्जी एनकाउंटर PDA से जुड़े
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












