HomeHealth & Fitnessविराट नर्सिंग होम एंड ट्रॉमा सेंटर सील, निरीक्षण में मिलीं सरकारी दवाइयां

विराट नर्सिंग होम एंड ट्रॉमा सेंटर सील, निरीक्षण में मिलीं सरकारी दवाइयां

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बागपत-मेरठ रोड स्थित विराट नर्सिंग होम एंड ट्रॉमा सेंटर पर जिला प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी अस्मिता लाल को जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायत के आधार पर की गई। नर्सिंग होम में सरकारी दवाइयां भी मिली हैं।

शिकायतकर्ता निखिल निवासी जवाहरपुर मेवला ने आरोप लगाया था कि 4 अप्रैल 2026 को नर्सिंग होम में कराई गई डिलीवरी के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई।

परिजनों का कहना था कि अस्पताल में मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं और इलाज के नाम पर अत्यधिक शुल्क वसूला गया। भुगतान के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने जीएसटी सहित पक्का बिल भी उपलब्ध नहीं कराया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने उपचार संबंधी दस्तावेज और बिल मांगा तो अस्पताल संचालकों ने अभद्र व्यवहार किया और जरूरी अभिलेख देने से इनकार कर दिया। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से जनसुनवाई में की गई थी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं है।

निरीक्षण में पाया गया कि नर्सिंग होम की संचालिका सीमा स्वयं मरीजों का उपचार कर रही थीं। इसके अलावा परिसर से सरकारी दवाइयां भी बरामद हुईं।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि नर्सिंग होम में लैब संचालित की जा रही थी, लेकिन मौके पर कोई लैब टेक्नीशियन मौजूद नहीं मिला।

आवश्यक दस्तावेज और मानकों में गंभीर कमियां पाए जाने पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नर्सिंग होम को मौके पर ही सील कर दिया।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। कार्रवाई के दौरान डॉक्टर विभास राजपूत, डॉक्टर सत्येंद्र, नायब तहसीलदार वंशिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments