📍 रुधौली | 21 मई 2026
रुधौली स्थित ख्यातिलब्ध शिक्षण संस्थान प्रैक्सिस विद्यापीठ, शांति नगर में गुरुवार को ROBOTHAN – International Workshop on Robotics का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। यह अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला PRAXIS Vidyapeeth Rudhauli एवं SRIC Nepal (Sunway Research & Innovation Centre) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रबंध निदेशक एवं नई शिक्षा नीति सलाहकार श्री सुशांत कुमार पांडे, प्रधानाचार्य श्री पंकज शर्मा तथा SRIC Nepal के एमडी श्री प्रदीप सैपकोटा, मनीष पौडेल और विशाल अधिकारी ने संयुक्त रूप से कार्यशाला के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी जागरूकता विकसित करना है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में नीदरलैंड, स्पेन और स्विट्जरलैंड सहित 12 देशों के प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे, जिससे इसे अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप प्राप्त हुआ है।
संस्था के प्रबंधक श्री सुशांत पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय तकनीकी युग है और आने वाले भविष्य में तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता और अधिक बढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रायोगिक कार्यशालाएं बच्चों को समाज और देश की समस्याओं के तकनीकी समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती हैं। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को रोबोटिक्स और एआई जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ना भारत को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को रोबोटिक्स की उपयोगिता, रोबोट निर्माण की प्रक्रिया एवं उसके विभिन्न उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही Robot Race प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा तथा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन दीपचंद बंधु ने किया। वहीं इसकी रूपरेखा उपप्रधानाचार्य श्री गिरिजेश साहू एवं श्री अवधेश प्रजापति द्वारा तैयार की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण श्री दिनेश वर्मा, कोमल बरनवाल, पूनम शर्मा, अर्चना सिंह, श्वेता, श्रेया, निशा, अंकिता, विकास सोनकर, सूरज, सुधीर, श्रेयांश, अब्दुल अजीज, आंचल उपाध्याय एवं सर्वेंद्र नाथ गौड़ सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
दो दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे नई तकनीकों को सीखने के प्रति जिज्ञासा और तल्लीनता के साथ भाग ले रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल तकनीकी भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक पहल बताया।
रुधौली में रोबोथन अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का भव्य शुभारंभ, 12 देशों के प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़ेंगे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












