Homeदेश (National)12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कैसा रहेगा यूपी-बिहार का मौसम?

12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कैसा रहेगा यूपी-बिहार का मौसम?

अचानक मौसम के करवट लेने से उत्तर भारत में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ और दिन लोगों को गर्मी से निजात और मिलेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 2 से 5 मई तक जम्मू कश्मीर में तेज हवा चलने और हल्की बारिश का अनुमान है। 3 से 7 मई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज चमक के अलावा 40 से 50 किमी रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी की संभावना है।

आने वाले पांच दिनों तक यूपी में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी 4 से छह मई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 7 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब-हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी 7 मई तक ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। 3 मई को जम्मू कश्मीर, 3 और 5 मई को हिमाचल प्रदेश व 4 और 5 मई को उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें: ‘गिरगिटी भाषा बोलते हैं मुख्यमंत्री’, अखिलेश यादव का CM योगी पर पलटवार

यूपी में उरई और देश में बाड़मेर सबसे अधिक गर्म

यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सामान्य से 6.1 डिग्री कम यानी अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में उरई सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 39.6 डिग्री सेल्सियस और बांदा में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं लखीमपुर खीरी और गोरखपुर जिले के कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई। वहीं अगर राष्ट्रीय स्तर की बात करें तो राजस्थान के बाड़मेर में सबसे अधिक 44.6 फीसद तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बिहार में बारिश और आंधी की संभावना

अगले 4-5 दिनों में उत्तर पूर्व भारत में तेज हवाओं साथ बारिश की संभावना है। असम और मेघायल में 1 मई से 4 मई और बाद में 7 मई को बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 1 से 4 और 6 व 7 मई को बारिश की संभावना है। अगले चार दिनों तक त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड का मौसम सुहाना होगा। यहां हल्की बारिश की उम्मीद है।

पांच मई तक बिहार और ओडिशा में मौसम का मिजाज बदला बदला रहेगा। यहां 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान है। झारखंड में 7 मई तक मौसम सुहाना रहेगा। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

बिहार में मौसम विभाग ने चार मई का अलर्ट जारी किया है। इस दिन 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। झोंकों की गति 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 3 से 4 मई तक छत्तीसगढ़, 3 से 5 मई तक विदर्भ और अगले पांच दिनों तक मध्य प्रदेश में हल्की से मध्य बारिश और तेज हवाओं के चलने का अनुमान है।

कब से गिरेगा तापमान?

मौसम विभाग के मुताबिक 2 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। 3 से 7 मई के दौरान इसमें धीरे-धीरे 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं मध्य भारत में 2 मई तक अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 3 से 7 मई तक 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। विदर्भ में भी अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद चार दिनों तक गिरावट देखने को मिल सकती है। गुजरात में भी 3 से 7 मई तक अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है।

यह भी पढ़ें: बंगाल में दोबारा होगी वोटिंग, 2 विधानसभा के 15 बूथों पर कल मतदान

2 मई का मौसम: यहां भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक आज असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, केरल और माहे, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

बिजली गरजने और तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने दो मई यानी आज असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, केरल-माहे, मध्य प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बिजली गरजने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के अलावा आंधी-तूफान की संभावना जताई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments