बुधवार दोपहर को इटवा तहसील मुख्यालय चौराहे पर भीषण जाम लग गया। चिलचिलाती धूप में वाहनों का लंबा काफिला रेंगता हुआ दिखा। पटरियों पर अतिक्रमण, ठेलों, टेम्पो और दुकानों के अव्यवस्थित संचालन के कारण यह समस्या और बढ़ गई। पुलिस को यातायात सामान्य करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। साप्ताहिक बाजार होने के कारण बुधवार दोपहर में भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। इटवा-बढ़नी मार्ग पर सिरसिया नहर से एक किलोमीटर तक, इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर अस्पताल तक, तथा इटवा-बिस्कोहर और इटवा-बांसी मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। पुलिसकर्मियों को एक-एक लेन को रास्ता देने में काफी परेशानी हुई, जिससे राहगीरों को वैकल्पिक रास्ते तलाशने पड़े। स्थानीय निवासियों राम कृपाल, मनीष सिंह, अमीरुल्लाह, बबलू और राम सिंह ने बताया कि दोपहर और शाम को अक्सर जाम लगता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहगीर सड़क पर वाहन खड़े करके खरीदारी करते हैं, जबकि ठेले और टेम्पो अवैध रूप से सड़क पर कब्जा जमाए रहते हैं। अव्यवस्थित वाहन संचालन भी जाम का एक प्रमुख कारण है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शादी-विवाह के सीजन के कारण वाहनों का संचालन बढ़ गया है, जिससे यातायात संबंधी समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं और यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इटवा में भीषण जाम, वाहन रेंगते दिखे:साप्ताहिक बाजार और अतिक्रमण से पुलिस को यातायात नियंत्रित करने में मशक्कत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












