Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़कर 18 हजार:सीएम योगी ने गोरखपुर...

शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़कर 18 हजार:सीएम योगी ने गोरखपुर से किया ऐलान, श्रावस्ती में सम्मान समारोह


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये करने की घोषणा की है। उन्होंने गोरखपुर में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में इस वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा। इसी क्रम में श्रावस्ती जनपद के तथागत हाल में भी शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। श्रावस्ती में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद और अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह में जनपद के उत्कृष्ट शिक्षामित्रों को प्रशस्ति पत्र और डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के गोरखपुर से आयोजित समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षामित्रों ने देखा।

स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया। अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने मुख्यमंत्री की इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के लाखों शिक्षामित्रों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए कहा कि श्रावस्ती एक आकांक्षी जनपद है, जहां शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में शिक्षामित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षामित्रों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments